जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेहतर होती जा रही है, बिज़नेस इसकी मदद से ज़्यादा से ज़्यादा काम करने लगे हैं। बाज़ार में मौजूद कई AI टूल्स राइटिंग, मार्केटिंग, सेल्स, और ऑटोमेशन में मदद कर सकते हैं। इनमें सबसे लोकप्रिय टूल्स में से एक ChatGPT है, जो डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े कामों को ऑटोमेट करके उनमें सुधार लाने के लिए एक बेहद कारगर टूल बन चुका है।
इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि कमाई करने के लिए बिज़नेस किन AI टूल्स का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही, हम यह भी समझेंगे कि अपनी टीम की कार्यक्षमता बढ़ाकर ChatGPT से पैसे कैसे कमाएं।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
ChatGPT क्या है?
ChatGPT एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट है। यह टेक्स्ट के रूप में दिए गए इनपुट का विश्लेषण करने और इंसानों जैसे लिखित जवाब देने के लिए नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग तकनीक का इस्तेमाल करता है। ChatGPT Plus तो विशुअल जवाब भी दे सकता है। ChatGPT एक बड़े लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर आधारित है, जिसे जेनरेटिव प्री-ट्रेन्ड ट्रांसफ़ॉर्मर (GPT, या Generative Pre-trained Transformer) कहा जाता है। GPT और ChatGPT AI टूल्स, दोनों को OpenAI कंपनी ने विकसित किया है। ChatGPT को पहली बार नवंबर 2022 में आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया था।
ChatGPT से पैसे कैसे कमाएं
- ब्लॉग लिखें
- सोशल मीडिया पोस्ट लिखें
- स्क्रिप्ट लिखें
- कंटेंट का अनुवाद करें
- कीवर्ड रिसर्च करें
- सेल्स आउटरीच में मदद पाएं
- कस्टमर सर्विस दें
- नए आइडिया सोचें
- मार्केट रिसर्च करें
- ChatGPT को अपना पर्सनल असिस्टेंट बनाएं
ईकॉमर्स बिज़नेस के मालिक ChatGPT की मदद से कई तरीके से पैसे कमा सकते हैं। आप इसका इस्तेमाल अलग-अलग ज़रूरतों के लिए कंटेंट बनाने, कीवर्ड या मार्केट रिसर्च में मदद लेने, और अपनी टीम की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए कर सकते हैं। यहाँ कुछ ऐसे बिज़नेस आइडिया और काम दिए गए हैं, जिनमें ChatGPT आपकी मदद कर सकता है:
ब्लॉग लिखें
ChatGPT में कंटेंट बनाने की कमाल की क्षमताएँ हैं। हाँ, सटीकता की जांच करके कंटेंट को ब्रांड की आवाज़ और लहज़े के मुताबिक ढालने के लिए एडिटिंग प्रक्रिया में किसी इंसानी राइटर की ज़रूरत तो होगी। फिर भी, ChatGPT की मदद से शुरू से अंत तक ब्लॉग पोस्ट जैसा बढ़िया कंटेंट तैयार किया जा सकता है।
ChatGPT से ब्लॉग पोस्ट लिखवाकर आप मार्केटिंग और कंटेंट राइटिंग पर होने वाला खर्च काफ़ी कम कर सकते हैं। इन ब्लॉग पोस्ट की मदद से अपनी साइट पर विज़िटर्स लाए जा सकते हैं। इससे वेबसाइट ट्रैफ़िक, विज्ञापनों से होने वाली कमाई, और ऑनलाइन बिक्री में बढ़ोतरी आ सकती है।
सोशल मीडिया पोस्ट लिखें
सोशल मीडिया कंटेंट बनाने में काफ़ी समय लगता है, लेकिन ChatGPT इस प्रक्रिया में रफ़्तार लाने में कारगर साबित हो सकता है। ChatGPT का इस्तेमाल आप सोशल मीडिया पोस्ट के लिए कॉपी तैयार करने या फिर किसी खास सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर इस्तेमाल के लिए कॉपी को ढालने के लिए कर सकते हैं। बस ChatGPT को सोर्स टेक्स्ट देकर उसे अपनी मनचाही लंबाई और शैली के मुताबिक बदलने के लिए कह दें।
स्क्रिप्ट लिखें
ChatGPT 3.5 एक टेक्स्ट-आधारित ऐप है, यानी कि इसका इस्तेमाल आप इमेज या वीडियो कंटेंट तैयार करने के लिए नहीं कर सकते। यह विशुअल कंटेंट का विश्लेषण भी नहीं करता, न ही यह वीडियो का विवरण तैयार कर सकता है या ऑडियो को ट्रांसक्राइब कर सकता है। हाँ, ChatGPT का इस्तेमाल वीडियो, पॉडकास्ट, या रेडियो विज्ञापनों के लिए स्क्रिप्ट लिखने में किया जा सकता है। ChatGPT स्क्रिप्ट को सामान्य मानकों के अनुसार फ़ॉर्मैट करने, मौजूदा स्क्रिप्ट को एडिट करने, या स्क्रिप्ट को ज़्यादा असरदार बनाने में भी मदद कर सकता है। AI से तैयार किए गए कंटेंट के साथ शुरुआत करके और उसे अपने ब्रांड के मुताबिक ढालकर आपकी क्रिएटिव टीमें ज़्यादा कुशलता से काम कर सकती है। ऐसे में, उसे चुनने के लिए कई विकल्प भी मिल जाते हैं।
अपनी कंटेंट मार्केटिंग स्क्रिप्ट लिखने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल करके बिज़नेस अपने मार्केटिंग और कंटेंट बजट को कम कर सकते हैं। साथ ही, वे तैयार किए गए कंटेंट (जैसे पॉडकास्ट, सोशल मीडिया वीडियो, YouTube ट्यूटोरियल) का इस्तेमाल ट्रैफ़िक और आखिरकार बिक्री बढ़ाने के लिए कर सकते हैं।
कंटेंट का अनुवाद करें
ChatGPT कई भाषाओं में टेक्स्ट को प्रोसेस कर सकता है। इसलिए आप इसका इस्तेमाल कंटेंट का अनुवाद करने और अपने काम में आने वाली किसी भी भाषा-संबंधी बाधा को दूर करने के लिए कर सकते हैं। इसका इस्तेमाल आप किसी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए मार्केटिंग कंटेंट का अनुवाद करने या फिर ग्राहकों की ऐसी भाषा में मदद करने के लिए कर सकते हैं, जिसमें आपकी टीम सहज नहीं है।
आप अनुवाद के लिए संदर्भ भी दे सकते हैं। उदाहरण के लिए, आप ChatGPT से किसी मेडिकल टेक्स्ट का इस तरह अनुवाद करने के लिए कह सकते हैं कि आम पाठकों के लिए उसे समझना आसान हो जाए। अपने कंटेंट का अनुवाद करके आप नए दर्शकों तक पहुँच सकते हैं और अपना ग्राहक आधार बढ़ा सकते हैं।
कीवर्ड रिसर्च करें
अपनी सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन (SEO) रणनीति को बेहतर बनाने के लिए आप ChatGPT से किसी खास विषय से जुड़े सबसे लोकप्रिय कीवर्ड पहचानने के लिए कह सकते हैं। आप इसे लॉन्ग-टेल कीवर्ड खोजने के लिए भी कह सकते हैं। उदाहरण के लिए, "स्कीजोरिंग" विषय के लिए ChatGPT 20 कीवर्ड सुझा सकता है, जिनमें "स्कीजोरिंग हार्नेस," "स्कीजोरिंग लीश," और "कुत्तों के साथ क्रॉस-कंट्री स्कीइंग" शामिल हैं। यह "छोटी नस्लों वाले कुत्तों के लिए विंटर डॉग स्पोर्ट्स," "नौसिखियों के लिए स्कीजोरिंग ट्रेनिंग टिप्स," और "कई कुत्तों के साथ स्कीजोरिंग टिप्स" जैसे लॉन्ग-टेल कीवर्ड भी सुझा सकता है।
ChatGPT कीवर्ड-ऑप्टिमाइज़्ड कंटेंट बना सकता है या कोई खास कीवर्ड शामिल करने के लिए मौजूदा कंटेंट में बदलाव कर सकता है। लॉन्ग टर्म में ऑप्टिमाइज़्ड कंटेंट आपकी वेबसाइट पर ज़्यादा ऑर्गैनिक ट्रैफ़िक ला सकता है, जिससे बिक्री बढ़ सकती है।
सेल्स आउटरीच में मदद पाएं
सेल्स आउटरीच गतिविधियों से जुड़े मार्केटिंग ईमेल तेज़ी से तैयार करने और उन्हें व्यक्तिगत बनाने में ChatGPT आपकी मदद कर सकता है। इनमें अपना परिचय देना, ग्राहकों को डिस्काउंट देना, या मीटिंग या कॉल का अनुरोध करना शामिल है।
कस्टमर सर्विस दें
OpenAI आपकी कस्टमर सपोर्ट टीम की कई तरह से मदद कर सकता है। उदाहरण के लिए, यह ग्राहकों के अक्सर पूछे जाने वाले सवालों के लिए इंसानों जैसे जवाब तैयार कर सकता है। सटीकता और लहजे के लिए इन जवाबों की समीक्षा करके आपकी सपोर्ट टीम उनमें बदलाव कर सकती है। ChatGPT की मदद से कस्टमर सपोर्ट से जुड़ी बातचीत की समरी अपने-आप बनाई जा सकती है। सबसे आम समस्याओं की पहचान करने के लिए कस्टमर सर्विस से जुड़ी जानकारी को प्रोसेस भी किया जा सकता है।
मददगार कस्टमर सर्विस के कई फ़ायदे हो सकते हैं। यह ग्राहकों को बनाए रखने और कार्ट छोड़ने की दर कम करने में मददगार साबित होती है, जिससे आपके मुनाफ़े में बढ़ोतरी आ सकती है।
नए आइडिया सोचें
कंटेंट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए आप ChatGPT से नए आइडिया सुझाने के लिए कह सकते हैं। मंथन करते समय खाली पेज देखकर शुरुआत करना मुश्किल लग सकता है। ऐसे में, ChatGPT आपको कई आइडिया देकर शुरुआत करने में आपका काम आसान बना सकता है।
उदाहरण के लिए, "कपड़ों की एक ऑर्गैनिक कंपनी के ब्लॉग के लिए आइडिया सुझाएँ" प्रॉम्प्ट डालने पर ChatGPT ने 12 ब्लॉग आइडिया दिए। इनमें "ऑर्गैनिक कॉटन के फ़ायदे: टिकाऊ कपड़े की गहराई से पड़ताल" जैसे शीर्षक और विवरण शामिल थे। इसमें बताया गया था कि कपड़ों के लिए पारंपरिक कॉटन के बजाय ऑर्गैनिक कॉटन चुनने से हमारे पर्यावरण और सेहत को क्या फ़ायदे हो सकते हैं।
मार्केट रिसर्च करें
आपकी टारगेट ऑडियंस से जुड़ी काम की जानकारी देने में ChatGPT मदद कर सकता है। इसके ज़रिए बिक्री बढ़ाने के लिए आप अपनी विज्ञापन और मार्केटिंग रणनीतियों को बेहतर बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, आप इससे किसी खास प्रोडक्ट के लिए सबसे बड़े ग्राहक समूहों की पहचान करने या इसे किसी खास डेमोग्राफिक ग्रुप की ज़रूरतों, मूल्यों, और खरीदारी के व्यवहार के बारे में जानकारी देने के लिए कह सकते हैं। टारगेट ऑडियंस को साफ तौर पर परिभाषित करने से आपकी मार्केटिंग गतिविधियों को एक सीमित दायरे में सही लोगों पर केंद्रित किया जा सकता है और मार्केटिंग बजट का बेहतर ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है।
ChatGPT आपके क्षेत्र के प्रतिस्पर्धियों की पहचान करने और मार्केट रिसर्च की लागत कम करने में भी मदद कर सकता है। ध्यान रखें कि ChatGPT की जानकारी की एक कट-ऑफ तारीख होती है। उदाहरण के लिए, GPT 3.5 को जनवरी 2022 तक के डेटा पर ट्रेन किया गया था। इसलिए इससे मिलने वाली जानकारी हमेशा पूरी तरह नई नहीं हो सकती।
उदाहरण के लिए, जब पूछा गया कि कौन-से डेमोग्राफिक ग्रुप्स सबसे ज़्यादा लक्ज़री स्लीपवेयर खरीदते हैं, तो ChatGPT ने छह विशेषताओं की सूची दी। इनमें "समृद्ध ग्राहक," "25 से 55 वर्ष की उम्र," और "शहरी निवासी" शामिल थे। लक्ज़री स्लीपवेयर के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धियों पहचानने के लिए कहे जाने पर उसने La Perla, Sleeper, और Agent Provocateur समेत 10 कंपनियों के नाम और हर कंपनी का एक वाक्य में विवरण दे दिया।
ChatGPT को अपना पर्सनल असिस्टेंट बनाएं
ChatGPT आपकी ड्राई क्लीनिंग वाले कपड़े लेने या आपके लिए कॉफ़ी लाने तो नहीं जा सकता, लेकिन यह कई ऐसे काम करके आपके पैसे ज़रूर बचा सकता है, जिन्हें फ़िलहाल आपको खुद या फिर आपकी टीम को संभालना पड़ता है। इस AI टूल का इस्तेमाल समय लेने वाली रिसर्च करने, विश्लेषण करने, और कई प्रोग्रामिंग भाषाओं में कोड लिखने के लिए जो किया जा सकता है।
ChatGPT का पूरा फ़ायदा उठाने के लिए इसका इस्तेमाल एक पर्सनल असिस्टेंट की तरह करें। किसी मेहनत भरे काम को खुद करने से पहले देखें कि क्या ChatGPT उसे आपके लिए कर सकता है। उदाहरण के लिए, यह आपके ग्राहकों के लिए आयकर विभाग के नए नियमों की समरी तैयार कर सकता है या आपकी कंपनी की सालाना पार्टी के लिए ईमेल इन्विटेशन लिख सकता है। आप जितने ज़्यादा काम कम समय में पूरे करेंगे, आपके उतने ही पैसे बच जाएँगे।
ChatGPT से पैसे कैसे कमाएं: उपयोगी टिप्स
- अपने स्टाफ़ की क्षमता बढ़ाकर उनका समर्थन हासिल करें
- कंटेंट को अपने ब्रांड के मुताबिक ढालने के लिए समय निकालें
- जानकारी की हमेशा दोबारा जाँच करें
AI टूल्स से फटाफट अच्छा कंटेंट तैयार करने और ChatGPT से पैसे कमाने में ये तीन टिप्स आपके बिज़नेस के काम आ सकती हैं:
अपने स्टाफ़ की क्षमता बढ़ाकर उनका समर्थन हासिल करें
ChatGPT आपकी कस्टमर सर्विस, क्रिएटिव या एडमिनिस्ट्रेटिव टीमों की जगह नहीं ले सकता, लेकिन यह उन्हें ज़्यादा कुशल ज़रूर बना सकता है। अपनी टीमों से बात करके पता लगाएँ कि AI टूल्स की मदद से किन कामों को ज़्यादा कारगर बनाया जा सकता है। साथ ही, आपके कर्मचारियों को सही ट्रेनिंग देकर यह सुनिश्चित करें कि उन्हें इन टूल्स का इस्तेमाल करना आता हो। ChatGPT और दूसरे चैटबॉट्स के इस्तेमाल के लिए कुछ नीतियाँ बनाना भी उपयोगी हो सकता है। उदाहरण के लिए, आप प्रॉम्प्ट्स में कोई भी गोपनीय जानकारी या क्लाइंट से जुड़ी जानकारी शेयर न करने का नियम बना सकते हैं।
कंटेंट को अपने ब्रांड के मुताबिक ढालने के लिए समय निकालें
ChatGPT से तैयार कंटेंट आमतौर पर सामान्य होता है। यह पहले से मौजूद कंटेंट के आधार पर टेक्स्ट के अगले हिस्से का अनुमान लगाता है, न कि आपके ब्रांड की खास पहचान और पेशकशों के आधार पर। इसलिए अगर आप अपने सारे कंटेंट की जगह AI-जेनरेटेड टेक्स्ट का इस्तेमाल करते हैं, तो वह साफ, प्रोफ़ेशनल, और कारगर तो लग सकता है, लेकिन उसमें आपके ब्रांड की अलग पहचान नज़र नहीं आएगी।
अपनी टीम को अपडेटेड ब्रांड दिशानिर्देश दें, ताकि वह AI-जेनरेटेड कंटेंट को व्यक्तिगत बनाकर उसे आपके ब्रांड के मुताबिक ढाल सके। ज़्यादा विस्तृत प्रॉम्प्ट देने पर आपको अपने ब्रांड के लिए उपयोगी जवाब मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है। शब्दों की संख्या, शैली, और प्रोडक्ट के नाम जैसी जानकारी देने से नतीजे आपकी ज़रूरतों के मुताबिक ढाले जा सकते हैं।
उदाहरण के लिए, आप लिख सकते हैं: "फूल के आकार के बटन वाली सफ़ेद बटन-डाउन शर्ट के लिए एक प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन लिखो। लहज़े को मज़ेदार रखो, विस्मयादिबोधक चिह्नों का इस्तेमाल करो, और शब्दों की संख्या 15 से 30 के बीच रखो।" इस प्रॉम्प्ट से सिर्फ़ "एक सफ़ेद शर्ट के लिए प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन लिखो" कहने की तुलना में बेहतर जवाब मिलने की संभावना होती है।
जानकारी की हमेशा दोबारा जाँच करें
ChatGPT गलतियां कर सकता है और इसकी जानकारी हमेशा नई नहीं होती। यह पूरी तरह मनगढ़ंत लेकिन सही लगने वाले दावे भी कर सकता है, जिन्हें हैलुसिनेशन्स कहा जाता है। क्योंकि ChatGPT हर जवाब में स्रोतों के लिंक नहीं देता, इसलिए AI से मिली हर जानकारी की तथ्यात्मक जाँच करना ज़रूरी होता है।
इंसानों की तरह, AI टूल्स के जवाबों में भी पक्षपात हो सकता है। पक्षपात रोकने के लिए सभी कंटेंट की जाँच करने से उसकी गुणवत्ता बेहतर हो जाती है और किसी समुदाय या समूह के साथ अनजाने में होने वाले भेदभाव से बचा जा सकता है।
ChatGPT से पैसे कैसे कमाएं: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
क्या वाकई ChatGPT का इस्तेमाल करके पैसे कमाए जा सकते हैं?
जी हाँ, बिज़नेस कंटेंट क्रिएशन, कस्टमर सपोर्ट, और मार्केट रिसर्च जैसे कामों में लगने वाला समय और खर्च कम करके ChatGPT की मदद से अप्रत्यक्ष रूप से पैसे कमाए जा सकते हैं। इससे कमाई बढ़ाने वाले कामों के लिए ज़्यादा बजट उपलब्ध हो जाता है। यह टूल अपने आप कमाई नहीं करता। इसका फ़ायदा तब मिलता है, जब इसका इस्तेमाल किसी सेवा, प्रोडक्ट, या मार्केटिंग प्रयास के साथ किया जाए और इसके बनाए ड्राफ़्ट्स को काम में लाया जाए।
ChatGPT से कितने पैसे कमाए जा सकते हैं?
कमाई की कोई तय राशि नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करती है कि कोई बिज़नेस ChatGPT को कौन-से काम सौंपता है और वे काम कमाई के लिए कितने एहम हैं। इनमें ब्लॉग लिखना, सोशल मीडिया कंटेंट बनाना, या सेल्स आउटरीच करना शामिल हो सकता है। धीमे और मैनुअल राइटिंग या रिसर्च जैसे कामों में ChatGPT का इस्तेमाल करने वाले बिज़नेस अक्सर इस टूल की सब्सक्रिप्शन पर खर्च की गई रकम से कहीं ज़्यादा पैसे अपनी श्रम लागत में बचा लेते हैं।
ChatGPT से पैसे कमाना शुरू करने का सबसे तेज़ तरीका क्या है?
कमाई करने वाला कोई काम चुनें, जैसे ब्लॉग पोस्ट लिखना, सोशल कैप्शन बनाना, या कस्टमर सर्विस के जवाब देना। पहला ड्राफ़्ट तैयार करने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल करें और फिर अपनी टीम के किसी सदस्य से सटीकता और ब्रांड की आवाज़ के लिए उसे एडिट करवाएँ। कीवर्ड रिसर्च या सेल्स आउटरीच ईमेल जैसे किसी एक काम से शुरुआत करने पर आप ChatGPT को मार्केटिंग और कंटेंट वर्कफ़्लो के दूसरे हिस्सों में शामिल करने से पहले यह देख सकते हैं कि उससे आपका कितना समय बचा।
क्या ChatGPT से पैसे कमाने के लिए खास स्किल्स की ज़रूरत होती है?
कमाई से जुड़े कामों के लिए ChatGPT इस्तेमाल करने के लिए किसी खास ट्रेनिंग की ज़रूरत नहीं होती। यह कोड या टेक्निकल कमांड्स के बजाय आम भाषा में लिखे प्रॉम्प्ट्स को समझता है। अस्पष्ट अनुरोधों की जगह लहज़ा, शब्दों की संख्या, और ब्रांड की जानकारी देने वाले स्पष्ट प्रॉम्प्ट्स से बेहतर नतीजे मिलते हैं। थोड़े से अभ्यास से आप जल्दी ज़्यादा उपयोगी आउटपुट पा सकते हैं।
क्या ChatGPT इस्तेमाल करना फ्री है?
जी हाँ, ChatGPT का फ़्री प्लान उपलब्ध है। भारत में ज़्यादा मैसेज, अपलोड, और अन्य सुविधाओं के लिए ChatGPT Go भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत ₹399 प्रति माह है। ज़्यादा एडवांस्ड काम करने वाले बिज़नेस अपनी ज़रूरत के हिसाब से Plus जैसे दूसरे पेड प्लान भी चुन सकते हैं। प्लान्स की कीमतें और सुविधाएं बदल सकती हैं, इसलिए सब्सक्रिप्शन लेने से पहले ChatGPT का आधिकारिक प्राइसिंग पेज देखना न भूलें।
अपने बिज़नेस के लिए ChatGPT का इस्तेमाल कब नहीं करना चाहिए?
संवेदनशील वित्तीय या क्लाइंट डेटा को संभालने, कानूनी या मेडिकल सलाह देने, या प्रोफ़ेशनल विवेक वाले फ़ैसले लेने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल न करें। इन कामों के लिए इंसानी विशेषज्ञता और जवाबदेही अब भी AI-जेनरेटेड ड्राफ़्ट्स से बेहतर हैं। ऐसे काम चैटबॉट के बजाय योग्य स्टाफ़ को सौंपे जाने चाहिए।

