कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
अगर आप स्टोर जाते समय दोबारा इस्तेमाल होने वाले बैग्स साथ ले जाते हैं या कोई गिफ्ट भेजते समय पैकिंग मटेरियल को रीसायकल करते हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। खरीदारी की आदतों को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ ग्राहक अब सिर्फ़ सस्टेनेबल प्रोडक्ट्स ही नहीं तलाश रहे। वे बिज़नेस के हर पहलू में पर्यावरण को ध्यान में रखकर अपनाए गए तरीकों को एहमियत दे रहे हैं, जिनमें इको फ्रेंडली पैकेजिंग भी शामिल है।
इसका एक उदाहरण देखिए: 2024 में सस्टेनेबल पैकेजिंग बाज़ार की कीमत 270 अरब डॉलर थी और विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2034 तक यह बढ़कर 490 अरब डॉलर हो जाएगी। निवेशकों ने ESG नामक फ़्रेमवर्क के आधार पर कंपनियों के प्रदर्शन का आकलन करना भी शुरू कर दिया है। इसका मतलब एनवायरनमेंटल, सोशल और गवर्नेंस है। इसके तहत पर्यावरण पर कंपनी के असर, लोगों और समाज के साथ उसके संबंधों और उसके काम करने के तरीके की समीक्षा की जाती है।
बिज़नेस अपनी प्रोडक्ट्स को कैसे पैक और शिप करते हैं, इसका पर्यावरण पर गहरा असर पड़ता है। इस लेख में सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज़ अपनाने वाले छह फाउंडर्स ने अपने अनुभव शेयर किए हैं। इनमें इको फ्रेंडली पैकेजिंग के विकल्प और पर्यावरण को ध्यान में रखकर ऑर्डर को शिप और पूरे करने के तरीके शामिल हैं।
अपनी प्रोडक्ट पैकेजिंग और शिपिंग में ज़्यादा सस्टेनेबिलिटी लाने के लिए इन फाउंडर्स के बेहतरीन सुझाव और आइडिया जानिए। साथ ही, अपने बिज़नेस के लिए सही इको फ्रेंडली पैकेजिंग विकल्प चुनते समय कुछ ज़रूरी बातों पर भी ध्यान दें।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग क्या है?
इको फ्रेंडली पैकेजिंग में पर्यावरण पर असर कम करने के लिए सस्टेनेबल मटेरियल और तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें रीसायकल किए जा सकने वाले ऐसे बायोडिग्रेडेबल या कंपोस्टेबल मटेरियल शामिल हैं, जिनसे कम कचरा पैदा होता है। इको फ्रेंडली पैकेजिंग इस्तेमाल करने वाले ब्रांड सामाजिक ज़िम्मेदारी और भविष्य के प्रति सजगता दिखाते हैं। यह पर्यावरण के प्रति जागरूक ग्राहकों को आकर्षित करती है और प्रतिस्पर्धी बाज़ार में ब्रांड लॉयल्टी बढ़ाती है।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग के प्रकार
- रीसायकल की जा सकने वाली पैकेजिंग
- रीसायकल की गई सामग्री से बनी पैकेजिंग
- कंपोस्टेबल पैकेजिंग
- दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली पैकेजिंग
- कम से कम सामग्री वाली पैकेजिंग
प्रोडक्ट्स और शिपिंग, दोनों के लिए इको फ्रेंडली पैकेजिंग इस्तेमाल करने से आपका बिज़नेस पर्यावरण के लिए बेहतर बन सकता है। यहाँ कुछ सस्टेनेबल पैकेजिंग विकल्प दिए गए हैं:
रीसायकल की जा सकने वाली पैकेजिंग
ग्राहक इस तरह की पैकेजिंग को रीसायकल करके लैंडफिल में जाने वाले कचरे को कम करने में मदद कर सकते हैं। रीसायकल किए जा सकने वाले पैकेजिंग मटेरियल में कार्डबोर्ड, कागज़ और एल्युमिनियम के कैन शामिल हैं। ऑलिव ऑइल ब्रांड Graza (ग्राज़ा) अपने रीफिल को एल्युमिनियम के कैन में पैक करता है, जिन्हें बार-बार रीसायकल किया जा सकता है।
रीसायकल की गई सामग्री से बनी पैकेजिंग
ग्राहकों के इस्तेमाल के बाद रीसायकल किए गए कागज़ जैसे मटेरियल से पैकेजिंग बनाने पर नई सामग्री बनाने की ज़रूरत कम हो जाती है। Hero Packaging (हीरो पैकेजिंग) अपने पेपर मेलर्स को 100% पोस्ट-कंज़्यूमर रीसायकल किए गए कागज़ से बनाता है।
कंपोस्टेबल पैकेजिंग
कंपोस्ट सड़े-गले जैविक पदार्थों से बनने वाली एक प्राकृतिक खाद होती है। कंपोस्टिंग जैविक कचरे को एक उपयोगी कृषि उत्पाद में बदलकर उसे लैंडफिल में जाने से रोकती है।
कंपोस्टेबल या बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग के साथ दिक्कत यह है कि इन शब्दों के सही मतलब पर सभी की राय एक जैसी नहीं हैं। कुछ चीज़ों को आसानी से कंपोस्ट किया जा सकता है, जैसे बगीचे से निकली घास-पत्तियां और फल-सब्ज़ियों के छिलके।
वहीं, कुछ चीज़ों को लेकर अलग-अलग राय है। उदाहरण के लिए, घर पर कंपोस्ट बनाने वाले कई लोग मांस और डेयरी उत्पादों को कंपोस्ट बिन या ढेर में नहीं डालते, क्योंकि इनसे जानवर आकर्षित होते हैं। दूसरी ओर, बड़ी कंपोस्टिंग सुविधाओं में किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ स्वीकार किए जा सकते हैं।
और बायोप्लास्टिक्स का क्या? पौधों से मिलने वाली सामग्री, जैसे मक्का, और प्लास्टिक से बने बायोप्लास्टिक्स आम प्लास्टिक की तुलना में जल्दी विघटित हो जाते हैं। हालांकि बायोप्लास्टिक्स को कंपोस्टेबल माना जाए या नहीं, इसे लेकर भी अलग-अलग संगठनों की राय अलग है।
Hero Packaging (हीरो पैकेजिंग) के को-फाउंडर अनाइता सरकार ने Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) की एक एपिसोड में कहा, “हर चीज़ की जाँच आपको खुद करनी होगी। आप सिर्फ़ थर्ड-पार्टी सर्टिफिकेशन पर भरोसा नहीं कर सकते।” Australasian Bioplastics Association (ऑस्ट्रेलेशियन बायोप्लास्टिक्स एसोसिएशन) के साथ मिलकर “होम कंपोस्टेबल” सर्टिफिकेशन हासिल करते समय अनाइता ने Heropacks (हीरोपैक्स) को काटकर घर पर बनाए गए कंपोस्ट के ढेर में डाल दिया, ताकि वे अपना खुद का डेटा जुटा सकें।
अनाइता कहती हैं, “ऐसे संगठन से सर्टिफिकेशन मिलना कमाल की बात है। लेकिन जब तक आप अपने घर के आँगन में इसकी जाँच नहीं करेंगे, आपको पता कैसे चलेगा कि ये अच्छी हैं भी या नहीं? आपको नहीं मालूम कि टेस्टिंग किन परिस्थितियों में की जा रही है। और जब आपको अपनी प्रोडक्ट के इस्तेमाल का तरीका पता होता है, तो आपको यह भी पता होता है कि उसे किस काम के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए।”
सर्टिफिकेशन होने के बावजूद, कुछ सुविधाएँ कंपोस्टेबल पैकेजिंग को स्वीकार नहीं करतीं। उदाहरण के लिए, लॉस एंजेल्स शहर में घरों से जैविक कचरा इकठ्ठा करने वाले रीसाइक्लिंग प्रोग्राम के तहत “कंपोस्टेबल” या “बायोडिग्रेडेबल” लेबल वाली प्रोडक्ट्स पर प्रतिबंध है।
दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली पैकेजिंग
इस तरह की पैकेजिंग का बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आपका कोई रिटेल स्टोर या पॉप-अप शॉप है, तो ग्राहकों को सिंगल-यूज़ पेपर या प्लास्टिक बैग के बजाय अपने ब्रांड का टोट बैग देकर घर भेजें। ग्राहक जब इसका दोबारा इस्तेमाल करेंगे, तो आपके बिज़नेस का प्रचार भी हो जाएगा।
रीफिल की जा सकने वाली प्रोडक्ट्स बनाकर आप रीयूज़ को एक कदम आगे ले जा सकते हैं। इसका एक उदाहरण Fluff (फ़्लफ़) का Cloud Compact (क्लाउड कॉम्पैक्ट) है। इसकी फाउंडर Erika Geraerts (एरिका जेरार्ट्स) ने Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) की एक एपिसोड में कहा, “हमारे कॉम्पैक्ट इस तरह डिज़ाइन किए गए हैं कि वे उम्रभर, या कम से कम बहुत लंबे समय तक चलें। ग्राहक इसे सिर्फ़ एक बार खरीदकर ब्रांड से जुड़ जाते हैं। इसके बाद वे इसे रीफिल कर सकते हैं और अलग-अलग रंगों और शेड्स को आज़माकर देख सकते हैं।”
कम से कम सामग्री वाली पैकेजिंग
पर्यावरण पर असर कम करने का एक तरीका अपने प्रोडक्ट पैकेजिंग डिज़ाइन में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की मात्रा कम करना है। इससे ग्राहकों को कम पैकेजिंग रीसायकल करनी पड़ती है या कचरे में फेंकनी पड़ती है।
सस्टेनेबल फुटवियर कंपनी Rothy’s (रोथीज़) के लिए यह एक स्वाभाविक विकल्प था। Rothy’s (रोथीज़) की पूर्व प्रोडक्शन डायरेक्टर Lauren Taflinger (लॉरेन टैफ़्लिंजर) बताती हैं, “एक डिब्बे के अंदर दूसरा डिब्बा रखकर शिप करने के बजाय हम शूबॉक्स का इस्तेमाल प्रोडक्ट भेजने और उसे वापस मंगाने, दोनों के लिए करते हैं।”
इको फ्रेंडली पैकेजिंग चुनते समय ध्यान देने रखने वाली बातें
इको फ्रेंडली पैकेजिंग चुनते समय आपको इन पहलुओं पर विचार कर लेना चाहिए:
ज़रूरतें
यह तय करने के लिए कि आपके लिए किस तरह की इको फ्रेंडली पैकेजिंग सही रहेगी, सबसे पहले पैकेजिंग से जुड़ी अपनी ज़रूरतों का जायज़ा लें। इन सवालों के जवाब दें:
- क्या आपको प्राइमरी पैकेजिंग (जैसे लिपस्टिक के लिए ट्यूब) चाहिए या सिर्फ़ सेकंडरी पैकेजिंग (जैसे डिब्बा या मेलर)?
- अगर आपकी प्रोडक्ट नाज़ुक है, तो उसे किस तरह की सुरक्षा चाहिए?
- क्या आपकी प्रोडक्ट में कोई तरल पदार्थ हैं?
- क्या आपकी प्रोडक्ट बहुत ज़्यादा या कम तापमान के प्रति संवेदनशील है? क्या मौसम से जुड़े किसी अन्य पहलू पर भी ध्यान देना ज़रूरी है?
Wildgrain (वाइल्डग्रेन) पूरे अमेरिका में फ्रोज़न सॉरडो ब्रेड, पास्ता और आर्टिज़न पेस्ट्री शिप करता है। ट्रांज़िट के दौरान प्रोडक्ट्स की सुरक्षा के लिए कंपनी ड्राई आइस और न्यूट्री आइस जेल पैक का इस्तेमाल करती है। रीसायकल किए गए प्लास्टिक से बने बैग्स पर ग्राहकों को चार विकल्प दिए जाते है: जेल पैक को फ्रीज़ करके दोबारा इस्तेमाल करें, गैर-विषैले पदार्थ को सिंक या टॉयलेट में बहा दें, उसे कूड़ेदान में फेंक दें, या फिर उसकी सामग्री को पौधों के आसपास की मिट्टी में डाल दें।
मान लीजिए कि आपकी प्रोडक्ट्स देश के किसी ऐसे हिस्से में लोकप्रिय हैं, जहाँ बहुत बारिश होती है। ऐसी स्थिति में उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा की ज़रूरत पड़ सकती है।
अनाइता के कपड़ों के बिज़नेस के लिए वॉटर-रेज़िस्टेंट मटेरियल ज़रूरी था। वे बताती हैं, “मैंने कागज़ के विकल्प के बारे में विचार किया था। वह अच्छा तो था ही, साथ ही उसे रीसायकल और कंपोस्ट भी किया जा सकता था, लेकिन वह वॉटरप्रूफ़ नहीं था। इसलिए वह मेरे भेजे जाने वाली प्रोडक्ट्स के लिए सही नहीं था।” इसी बात ने उन्हें एक कंपोस्टेबल मेलर बनाने के लिए प्रेरित किया।
निर्देश
अपने ग्राहकों को प्रोडक्ट्स को ठिकाने लगाने के स्पष्ट निर्देश देना ज़रूरी होता है। उदाहरण के लिए, कोई ग्राहक किसी कंपोस्टेबल प्रोडक्ट को कचरे में फेंक सकता है, जिससे वह लैंडफिल में पहुँच जाएगी। कंपोस्टेबल प्रोडक्ट्स सिर्फ़ कुछ खास परिस्थितियों में ही विघटित होती हैं। इसलिए निर्देशों या कंपोस्टिंग सुविधाओं की सूची देने से ऐसी प्रोडक्ट्स को कूड़े में जाने से बचाया जा सकता है।
स्किन केयर ब्रांड Dieux (डियू) अपने ग्राहकों को एल्युमिनियम सैंपल्स रखने और उन्हें सही ढंग से फेंकने का तरीका समझाने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करता है। रीसाइक्लिंग सुविधाएँ छोटी-छोटी चीज़ें नहीं लेतीं, इसलिए ग्राहक प्रोडक्ट को बचे हुए एल्युमिनियम में लपेट सकते हैं या उसे किसी कैन के अंदर रख सकते हैं, ताकि उसकी कुल ऊँचाई तीन इंच, या लगभग 7.5 सेंटीमीटर, से ज़्यादा हो जाए।
लागत
कुछ प्रकार की इको-फ्रेंडली पैकेजिंग गैर-सस्टेनेबल विकल्पों की तुलना में ज़्यादा महँगी हो सकती है। हाँ, सस्टेनेबल विकल्प चुनने से आपकी ब्रांड इक्विटी पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।
“छोटे बिज़नेस के लिए यह जानना बहुत ज़रूरी है कि इससे मुनाफ़ा कमाने की उनकी क्षमता कम नहीं होगी,” TAMGA Designs (टीएएमजीए डिज़ाइन्स) के Eric Dale (एरिक डेल) कहते हैं। “हमें पूरा यकीन है कि लंबे समय में इसका हमारे मुनाफ़े पर सकारात्मक असर पड़ेगा, क्योंकि ग्राहक इसे देखते हैं और इसकी कद्र करते हैं।”
PwC के 2024 वॉइस ऑफ़ द कंज़्यूमर सर्वे के अनुसार, ग्राहक सस्टेनेबल प्रोडक्ट्स के लिए औसतन 9.7% ज़्यादा कीमत चुकाने को तैयार हैं।
ग्राहकों की अपेक्षाएँ
ग्राहकों के लिए सस्टेनेबिलिटी की एहमियत बढ़ने के साथ उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरने से आप मुकाबले में आगे बने रह सकते हैं। इससे भविष्य में आपका काम भी कम हो जाता है। अपनी टारगेट ऑडियंस पर रिसर्च करके अपने प्रतिस्पर्धियों की पैकेजिंग की जाँच करें।
Fluff (फ़्लफ़) की फाउंडर Erika (एरिका) कहती हैं, “फाउंडर्स के लिए यह समझना बहुत ज़रूरी है कि ग्राहक अब ब्यूटी ब्रांड्स से क्या उम्मीद करते हैं। इसमें पैकेजिंग और सामग्री से लेकर सेकंडरी पैकेजिंग और प्रोडक्ट मिलने के अनुभव तक सब कुछ आ जाता है। शुरुआत से ही बेहतर फ़ैसले लेने की कोशिश करें, क्योंकि बाद में पैकेजिंग, फ़ॉर्मूलेशन या किसी कंपोनेंट को बदलने की तुलना में यह कहीं ज़्यादा आसान होता है।”
दूरी
इको फ्रेंडली प्रोडक्ट्स चुनते समय यह भी देखें कि उन्हें आप तक पहुँचने के लिए कितनी दूर तय करनी पड़ेगी। अगर प्रोडक्ट बहुत दूर से मंगाई जाती है, तो ट्रांसपोर्टेशन से पर्यावरण पर पड़ने वाला असर सस्टेनेबल प्रोडक्ट इस्तेमाल करने के फ़ायदे को कम कर सकता है।
अगर पास में कोई बेहतर विकल्प उपलब्ध नहीं है, तो बार-बार शिपमेंट मंगाने के बजाय एक साथ ज़्यादा मात्रा में ऑर्डर करें। इसके अलावा, डिलीवरी का ऐसा धीमा विकल्प चुनें, जिसका पर्यावरण पर अपेक्षाकृत कम असर पड़े।
शेल्फ़ लाइफ़
कुछ इको फ्रेंडली प्रोडक्ट्स की शेल्फ़ लाइफ़ उनके कम सस्टेनेबल विकल्पों की तुलना में कम होती है। उदाहरण के लिए, बायोप्लास्टिक्स आम प्लास्टिक की तुलना में जल्दी विघटित हो जाते हैं।
Hero Packaging (हीरो पैकेजिंग) के लिए यह अनुभव सीखने की एक प्रक्रिया थी। अनाइता बताती हैं, “कभी-कभी हम कोई प्रोडक्ट मँगवाते थे, लेकिन वह उतनी अच्छी नहीं बिकती थी। फिर 9 से 12 महीनों के बाद, वे मेलर बायोडिग्रेड होने लगते हैं। इसके बाद उनमें प्रोडक्ट्स शिप नहीं किए जा सकते थे।”
अनाइता और उनके पति Vik Davé (विक डावे) ने इस समस्या का समाधान करने के लिए एक लॉजिस्टिक्स मैनेजर नियुक्त किया, जो यह सुनिश्चित करता था कि प्रोडक्ट्स सही मात्रा में ऑर्डर की जाएँ।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग टिप्स
- चीज़ों को बल्क में शिप करें
- अपने खाली प्रोडक्ट कंटेनरों के लिए एक रिटर्न प्रोग्राम पेश करें
- अपनी पैकेजिंग का आकार कम करें
यहाँ कुछ इको फ्रेंडली पैकेजिंग आइडिया दिए गए हैं, साथ ही ईकॉमर्स बिज़नेस ओनर्स ने इन्हें अमल में लाने के सुझाव भी शेयर किए हैं:
चीज़ों को बल्क में शिप करें
Harriet Simonis (हैरियट सिमोनिस), David Frangomeni (डेविड फ्रैंगोमेनी) और Scott Ferguson (स्कॉट फर्ग्यूसन) की दोस्ती बाली में रहते हुए हुई थी। वहाँ सर्फ़िंग करते समय समुद्र में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पैकेजिंग और फेंके गए मछली पकड़ने के नेट्स देखकर वे परेशान हो गए। उसी अनुभव ने उन्हें ज़ीरो वेस्ट लाइफ़स्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिसका वे आज भी पालन कर रहे हैं।
प्लास्टिक-फ्री और इको-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स की तलाश करते समय उन्हें एक विडंबना का एहसास हुआ। Harriet (हैरियट) बताती हैं, “कई एनवायरनमेंट फ्रेंडली प्रोडक्ट्स भी प्लास्टिक में पैक होकर आती हैं। इससे उनके किए-कराए पर पानी फिर जाता है।”
एक बेहतर समाधान बनाने के इरादे से तीनों ने Zero Waste Cartel (ज़ीरो वेस्ट कार्टेल) की स्थापना की। यह ब्रांड नहाने, बॉडी केयर और रसोई से जुड़ी प्रोडक्ट्स को बायोडिग्रेडेबल या दोबारा इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग में बेचता है।
प्लास्टिक-फ्री बनने का लक्ष्य अपने साथ कई चुनौतियाँ भी लेकर आया है। उदाहरण के लिए, Harriet (हैरियट) बताती हैं कि कंपनी को ऐसा वेयरहाउस ढूँढने में काफ़ी मुश्किल हुई, जो उनके दिए गए कंपोस्टेबल मेलर्स का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हो, क्योंकि इसमें ज़्यादा समय और मेहनत लगती है।
आज, Zero Waste Cartel (ज़ीरो वेस्ट कार्टेल) को अमेरिका में एक उपयुक्त पार्टनर मिल गया है, जहाँ उसके ज़्यादातर ग्राहक रहते हैं। वेयरहाउस और ग्राहकों के बीच शिपिंग की दूरी कम होने से ब्रांड का कार्बन फ़ुटप्रिंट भी घट जाता है।
“हम बल्क में शिप करना पसंद करते हैं। इससे ग्राहकों को बेहतर कीमत मिलती है और यह पर्यावरण के लिए भी अच्छा है,” Harriet (हैरियट) कहती हैं।
Zero Waste Cartel (ज़ीरो वेस्ट कार्टेल) अपने बाँस के टूथब्रश सिर्फ़ 10 के पैक में बेचता है ताकि ग्राहक बड़ी मात्रा में खरीदारी करें या अपने ऑर्डर शेयर करें। इस तरह प्रोडक्ट्स को ज़्यादा सस्टेनेबल ढंग से भेजा जा सकता है। यह नीति भले ही थोड़ी सख्त लगती हो, लेकिन Zero Waste Cartel (ज़ीरो वेस्ट कार्टेल) के ग्राहकों को यह खूब भाती है। बड़ी मात्रा में खरीदारी करने से पर्यावरण और अपनी जेब, दोनों को होने वाला फ़ायदा दिखाई जो देता है।
अपने खाली प्रोडक्ट कंटेनरों के लिए एक रिटर्न प्रोग्राम पेश करें
विज़ुअल आर्टिस्ट Tara Pelletier (तारा पेलेटियर) और Jeff Kurosaki (जेफ़ कुरोसाकी) Meow Meow Tweet (म्याऊ म्याऊ ट्वीट) के पीछे के जीवन और बिज़नेस पार्टनर हैं। यह ऑर्गेनिक स्किन केयर कंपनी अपनी इको फ्रेंडली पैकेजिंग पर जानवरों की खूबसूरत इलस्ट्रेशन दिखाती है।
जानवरों के प्रति उनके प्यार ने उन्हें वीगन लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित किया था। इसी लगाव ने उन्हें ऑर्गेनिक और अनरिफाइंड प्लांट ऑइल्स, कोल्ड-प्रेस्ड एसेंशियल ऑइल्स और वनस्पतियों से प्रोडक्ट्स बनाने के लिए प्रेरित किया था।
Jeff (जेफ़) और Tara (तारा) चाहते हैं कि उनकी बनाई हर चीज़ या तो प्रकृति में वापस मिल जाए या फिर उसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। उनकी ठोस प्रोडक्ट्स, जैसे डिओडोरेंट, साबुन और लिप बाम, बायोडिग्रेडेबल क्राफ्ट पैकेज में आती हैं। वहीं, क्लींज़र, टोनर और सनस्क्रीन जैसी तरल प्रोडक्ट्स को काँच या एल्युमिनियम की बोतलों जैसी रीसायकल की जा सकने वाली पैकेजिंग में पैक किया जाता है।
वे ग्राहकों को पैकेजिंग में लगे प्लास्टिक पंप्स दोबारा इस्तेमाल करने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं। अगर ग्राहक ऐसा नहीं करना चाहते, तो वे पंप्स को किसी ड्रॉप-ऑफ़ पॉइंट पर जमा कर सकते हैं, जहाँ से उनका पार्टनर TerraCycle (टेरासाइकिल) उन्हें रीसायकल करता है। अगर आसपास कोई ड्रॉप-पॉइंट नहीं है, तो कम से कम दो पंप वाले ग्राहक उन्हें Meow Meow Tweet (म्याऊ म्याऊ) ट्वीट को वापस भेज सकते हैं। इसके बाद, उन्हें TerraCycle (टेरासाइकल) के ज़रिए रीसायकल किया जाता है।
अपनी पैकेजिंग का आकार कम करें
Holy Lamb Organics (होली लैंप ऑर्गेनिक्स) ने अपने शुरुआती दिनों से अब तक लंबा सफ़र तय किया है। उस समय फाउंडर Willow Whitton (विलो व्हिटन) एक पुरानी स्कूल बस को नया रूप देकर उसमें बेडिंग बेचती थीं। बिज़नेस बढ़ने के साथ ब्रांड की पैकेजिंग सिकुड़ती चली गई।
को-फाउंडर Jason Schaefer (जेसन शेफ़र) बताते हैं, “हम अपने डिब्बों में अतिरिक्त सामान या मटेरियल नहीं डालते, ताकि वे ज़्यादा से ज़्यादा हलके रहें। सभी गद्दों को वैक्यूम पैक भी किया जाता है, जिससे उन्हें छोटे आकार में भेजा जा सके।”
ब्रांड मटेरियल को दोबारा इस्तेमाल करने के दूसरे तरीके भी खोजने की कोशिश करता है। को-फाउंडर Mindy Schaefer (मिंडी शेफ़र) कहती हैं, “हमारा प्रोडक्शन मॉडल इस तरह तैयार किया गया है कि मटेरियल के हर कट का सबसे बेहतर इस्तेमाल हो। किसी टुकड़े का बचा हुआ हिस्सा किसी दूसरे काम में इस्तेमाल कर लिया जाता है।”
कंपनी को ऊन सप्लाई करने वाले भी ऐसा ही करते हैं। वे अपनी इको फ्रेंडली पैकेजिंग के लिए कार्डबोर्ड रोल्स और क्राफ्ट पेपर का इस्तेमाल करते हैं। बचे हुए मटेरियल को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए सप्लायर्स के पास लौटा दिया जाता है।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग समाधानों के साथ सस्टेनेबिलिटी की ओर कदम बढ़ाएं
इन सभी ब्रांड्स में पर्यावरण के प्रति ज़्यादा ज़िम्मेदार बनने की इच्छा समान है। कुछ ब्रांड्स के लिए इस प्रतिबद्धता ने उन्हें साझा मूल्यों के आधार पर ग्राहकों से जुड़ने का एक ज़रिया दिया है। वहीं, कुछ अन्य ब्रांड्स को सस्टेनेबल पैकेजिंग समाधान खोजने में लगने वाला समय, मेहनत और रिसर्च पूरी तरह सही निवेश लगा।
आपकी इंडस्ट्री, लोकेशन और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर बिज़नेस के लिए सही पैकेजिंग और शिपिंग समाधान काफ़ी अलग हो सकते हैं। आप अपने बिज़नेस के लिए जो भी विकल्प चुनें, पर्यावरण के प्रति आपकी मेहनत रंग लाएगी। खासकर ऐसे समय में, जब ज़्यादा से ज़्यादा ग्राहक अपनी खरीदारी के ज़रिए पर्यावरण के पक्ष में आवाज़ उठा रहे हैं।
फ़ीचर इमेज: Unsplash (अनस्प्लैश) / Sticker Mule (स्टीकर म्यूल)
इको फ्रेंडली पैकेजिंग: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
इको फ्रेंडली पैकेजिंग क्या होती है?
इको फ्रेंडली पैकेजिंग में कम से कम सामग्री का इस्तेमाल होता है या उसे रीसायकल की गई, रीसायकल की जा सकने वाली, दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली, रीफिल की जा सकने वाली, कंपोस्टेबल या बायोडिग्रेडेबल सामग्री से बनाया जाता है। प्राकृतिक संसाधनों और ऊर्जा की खपत पर इसका बहुत कम असर पड़ता है।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग क्यों ज़रूरी है?
दुनियाभर में पैदा होने वाले कचरे का एक बड़ा हिस्सा पैकेजिंग से आता है। सस्टेनेबल विकल्प अपनाने से धरती पर पड़ने वाला दबाव कम हो जाता है। इससे जंगलों की कटाई और हमारे महासागरों में पहुँचने वाले प्लास्टिक वेस्ट जैसी समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलती है।
सबसे ज़्यादा इको फ्रेंडली पैकेजिंग कौन सी है?
कागज़ और दोबारा इस्तेमाल होने वाली प्रोडक्ट्स सबसे इको फ्रेंडली मटेरियल में शामिल हैं। सबसे इको फ्रेंडली पैकेजिंग वह होती है, जिसमें कम से कम संसाधनों का इस्तेमाल हो और जिसे आसानी से दोबारा इस्तेमाल, कंपोस्ट या रीसायकल किया जा सके। अगर आप पैकेजिंग इंसर्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो पर्यावरण पर पड़ने वाले उनके प्रभाव पर भी विचार करें। दो अलग इन्सर्ट्स की जानकारी को एक में शामिल करें, दोनों तरफ़ प्रिंट करें या इको फ्रेंडली इंक का इस्तेमाल करें।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग की लागत कितनी होती है?
इको फ्रेंडली पैकेजिंग कभी-कभी सामान्य पैकेजिंग से ज़्यादा महंगी हो सकती है। मटेरियल और खरीदी जाने वाली मात्रा जैसे फैक्टर्स के आधार पर इसकी कीमत काफ़ी अलग हो सकती है। ज़्यादा मात्रा में खरीदने से लागत कम हो जाती है। यह उन बिज़नेस के लिए एक बढ़िया विकल्प है, जो एक ही आकार की पैकेजिंग में बहुत सारी चीज़ें शिप करते हैं।
इको फ्रेंडली पैकेजिंग कहाँ से खरीदी जा सकती है?
Hero Packaging (हीरो पैकेजिंग) और Better Packaging (बेटर पैकेजिंग) कस्टम इको फ्रेंडली पैकेजिंग विकल्प उपलब्ध कराते हैं। ऑर्डर की मात्रा और दूसरी ज़रूरतों के आधार पर दोनों सप्लायर्स के विकल्पों की तुलना करें।

